हैदराबाद: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह में शामिल होने के लिए हैदराबाद पहुंचे। सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 10 टुकड़ियां परेड में शामिल हुईं और उपराष्ट्रपति ने परेड का निरीक्षण किया।
समारोह के दौरान ‘हैदराबाद विमोचनम’ विषय पर विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई। सालार जंग संग्रहालय में आयोजित हैदराबाद मुक्ति दिवस प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को सम्मानित किया गया और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन भी हुआ।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से समारोह स्थल पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें हैदराबाद मुक्ति दिवस से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता से संबंधित विषयों को प्रदर्शित किया गया।
समारोह में पूर्ववर्ती हैदराबाद राज्य के भारतीय संघ में विलय के ऐतिहासिक अध्याय को याद किया गया और इस संघर्ष में योगदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।







