मुंबई: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘बकाइती’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, तान्या शर्मा और आदित्य शुक्ला स्टारर यह सीरीज 25 सितंबर से ZEE5 पर स्ट्रीम होगी।
डाइस मीडिया के बैनर तले बनी और समर इकबाल के निर्देशन में तैयार सीरीज के दूसरे सीजन में कटारिया परिवार की कहानी आगे बढ़ेगी। पुराने गाजियाबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी में इस बार दोनों कटारिया परिवार एक ही छत के नीचे नजर आएंगे। इसके चलते परिवार के बीच आपसी मतभेद, बहस, हास्य और भावनात्मक परिस्थितियां देखने को मिलेंगी।
कहानी में आर्थिक परेशानियों और रिश्तों की उलझनों के साथ नानाजी की कमजोर होती याददाश्त तथा कटारिया कुटीर के पुनर्विकास का मुद्दा भी सामने आएगा। देविशी मदान, रित्विक नांबियार और अशोक चव्हाण भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
निर्देशक समर इकबाल ने कहा कि दूसरे सीजन में पहले सीजन के हास्य और उथल-पुथल को बरकरार रखते हुए किरदारों और उनके रिश्तों को और करीब से दिखाने की कोशिश की गई है।
राजेश तैलंग ने कहा कि ‘बकाइती’ से दर्शकों का जुड़ाव खास रहा है और नए सीजन में कटारिया परिवार उसी अपनापन, हास्य और पारिवारिक रिश्तों के साथ लौट रहा है। वहीं, शीबा चड्ढा के मुताबिक दोनों कटारिया परिवारों के एक छत के नीचे आने से इस बार कहानी में भ्रम, बहस, हास्य और पारिवारिक गर्मजोशी और बढ़ेगी।







