अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर शहर में लंबे समय से जर्जर पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) के नए निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शहर के बीच करीब 3.8 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने रविवार को सड़क निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि जर्जर सड़क के नए निर्माण को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई जा रही है, जबकि बारिश थमने के बाद स्थायी निर्माण शुरू किया जाएगा।
एनएच-43 की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई थी। सड़क की बदहाली के विरोध में कांग्रेस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में प्रदर्शन भी किया था।
सड़क की स्थिति उस समय भी चर्चा में आई थी, जब भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की इनोवा कार सीतापुर शहर के बीच एनएच-43 पर एक गड्ढे में फंस गई थी। बताया गया कि कार को गड्ढे से निकालने में करीब दो घंटे लगे। इसके बाद अंबिकापुर पहुंचने पर पवन साय ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर अधिकारियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से नाराजगी जताई थी।
जानकारी के अनुसार, पवन साय जशपुर से अंबिकापुर जा रहे थे और उन्हें सूरजपुर तथा कोरिया में भाजपा की बैठकों में शामिल होना था। इसी दौरान उनकी कार सीतापुर में सड़क के गड्ढे में फंस गई थी।








