पटना सिटी: अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार निमतल में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश एससी-एसटी अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार पासवान के घर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोगों ने घर में घुसकर पुरुषोत्तम कुमार पासवान और उनके परिजनों के साथ मारपीट की। घटना में पुरुषोत्तम कुमार, उनके पुत्र सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कुम्हरार निमतल में दुर्गा पूजा को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नहीं बुलाए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। पीड़ित परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की। पुरुषोत्तम कुमार की पत्नी ने मारपीट के दौरान जेवर छीनने का भी आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस वाहन में खराबी आ गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को वहां से हटाया गया।
फिलहाल अगमकुआं थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






