सासाराम: रोहतास के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय (GNSU) में दशम युवा इतिहासकार राष्ट्रीय संगोष्ठी की तैयारियों को लेकर व्यवस्था बैठक और प्रेस वार्ता आयोजित की गई। दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर को किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, संगोष्ठी में देशभर से 500 से अधिक इतिहासकार, वैज्ञानिक, शिक्षक और युवा शोधार्थी शामिल होंगे। प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि युवाओं के लिए अपने इतिहास और विरासत को समझना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की मेजबानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि GNSU परिसर में इतने बड़े आयोजन का होना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। देशभर से इतिहासकार और विशेषज्ञ यहां पहुंचेंगे, जिससे विश्वविद्यालय के छात्रों को उनसे सीखने, संवाद करने और आयोजन में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।
वहीं, डॉ. विकास कुमार और डॉ. बाल मुकुंद पाण्डेय ने बताया कि संगोष्ठी में हड़प्पा सभ्यता, वैदिक परंपरा और भारतीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इतिहास संकलन योजना का उद्देश्य भारतीय दृष्टिकोण से ऐतिहासिक तथ्यों और जानकारी को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अतिथियों के आवास, भोजन और परिवहन समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। बड़े आयोजन को लेकर GNSU के छात्र भी उत्साहित हैं।








