रोहतास: रोहतास में एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं को लेकर जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने शनिवार को चेनारी प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने सबराबाद क्षेत्र में प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर भूमि की उपलब्धता और अन्य जरूरी पहलुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से संभावित स्थल की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध भूमि, सड़क संपर्क और अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने भूमि की प्रकृति, उपलब्ध रकबा और स्थल से जुड़े आवश्यक विवरणों की भी समीक्षा की।
डीएम ने चेनारी के अंचलाधिकारी को संभावित स्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी और भूमि का प्रपोजल तैयार कर जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है। इससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ जिले के महत्वपूर्ण पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच भी आसान हो सकती है।
डीएम ने स्थल चयन के लिए भूमि की उपलब्धता, उपयुक्तता, आसपास की आधारभूत संरचना और आवागमन की सुविधा से संबंधित जानकारी जुटाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी भी महत्वपूर्ण पहलू है।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मोहम्मद जफर हसन, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।








