मुंबई। दक्षिण भारतीय अभिनेता नानी और कायडू लोहार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ का तीसरा गाना ‘अंजाना अंजानी’ ऑडियो के रूप में रिलीज हो गया है।
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म के रोमांटिक गीत को अनिरुद्ध रविचंदर ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल रितेश जी राव ने लिखे हैं। रितेश जी राव और सुब्लाशिनी ने इस गीत को अपनी आवाज दी है।
‘अंजाना अंजानी’ में नानी और कायडू लोहार के बीच रोमांटिक केमिस्ट्री को पेश किया गया है। इससे पहले फिल्म के ‘आया शेर’ और ‘येशनागुला’ गाने रिलीज किए जा चुके हैं। निर्माताओं के अनुसार, ‘आया शेर’ को यूट्यूब पर 200 मिलियन से अधिक और ‘येशनागुला’ को 119 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत आठ भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







