मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ में कृष्णा कपूर की मेहमाननवाजी और लोगों को प्यार से खाना खिलाने के अंदाज को याद किया। शो में एक कंटेस्टेंट की बात ने अनिल कपूर को कृष्णा कपूर से जुड़ी पुरानी यादों में पहुंचा दिया।
दरअसल, शो में कंटेस्टेंट निशांत से पूछा गया कि यदि वह एक करोड़ रुपये जीतते हैं तो वह इस रकम का क्या करेंगे। निशांत ने बताया कि वह सबसे पहले अपना होम लोन चुकाएंगे और इसके बाद एक रेस्टोरेंट खोलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खाना बनाना नहीं आता, लेकिन लोगों को खाना खिलाना बहुत पसंद है।
निशांत की इस बात पर अनिल कपूर को राज कपूर की पत्नी कृष्णा कपूर की याद आ गई। अनिल ने बताया कि कृष्णा कपूर उनकी मां की करीबी दोस्त थीं और उनके लिए मां समान थीं। उन्होंने कहा कि कृष्णा कपूर की मेहमाननवाजी का अंदाज बेहद खास था।
अनिल कपूर ने कृष्णा कपूर को याद करते हुए बताया कि वह डाइनिंग टेबल पर मौजूद हर व्यक्ति का बेहद प्यार से ध्यान रखती थीं। वह बार-बार मेहमानों से पूछती थीं कि उन्होंने पर्याप्त खाना खाया या नहीं और उन्हें अलग-अलग व्यंजन चखने के लिए भी प्रोत्साहित करती थीं।
अभिनेता ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कृष्णा कपूर से बेहतर मेजबान नहीं देखा। उनके अनुसार, कृष्णा कपूर बड़े दिल और प्यार से सभी को खाना खिलाती थीं। अनिल ने कहा कि किसी को खाना खिलाने में जो खुशी है, वह केवल खाना खाने में नहीं है और इसी भावना के कारण कहा जाता है कि दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है।
निशांत के रेस्टोरेंट खोलने के सपने से शुरू हुई बातचीत परिवार, भोजन और मेहमाननवाजी से जुड़ी भावुक याद में बदल गई।
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर किया जाता है।







