सासाराम: रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने शनिवार, 12 सितंबर 2026 को तकिया फ्लाईओवर और रेलवे क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फ्लाईओवर पर बने पैदल पार पथ और वहां लोगों के आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि फ्लाईओवर पर बने पैदल पार पथ के दूसरी तरफ सीढ़ी की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण पैदल आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीएम ने लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी), सासाराम को सीढ़ी निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि आवश्यकतानुसार सीढ़ी का निर्माण कराया जा सके और लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान रोहतास एसपी, सीनियर डीईएन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल, नगर आयुक्त सासाराम नगर निगम, विशेष कार्य पदाधिकारी, एलआरडीसी सासाराम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








