Bihar: Criminals create havoc in Nalanda, shoot CSP operator, loot cash and flee

बिहार: जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसहरी गांव के पास गुरुवार को बेखौफ बदमाशों ने सीएसपी संचालक सन्नी कुमार को गोली मार दी और 1 लाख 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सन्नी को स्थानीय लोगों की मदद से नगरनौसा पीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना उस समय हुई जब सन्नी कुमार, जो नगरनौसा थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव निवासी हैं और पंजाब नेशनल बैंक के सीएसपी का संचालन करते हैं, अपने घर से चिश्तिपुर स्थित सेंटर जा रहे थे।

इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली सन्नी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह मुसहरी गांव के पास सड़क किनारे गिर पड़े। घटना के बाद बदमाशों ने घायल सन्नी से एक लाख 20 हजार रुपये लूटे और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल सन्नी को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही नगरनौसा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की। वहीं, घटना के बाद थाना क्षेत्र को लेकर चंडी और नगरनौसा थाना पुलिस में विवाद खड़ा हो गया है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार का कहना है कि घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र की है, जबकि नगरनौसा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पवन इसे चंडी थाना क्षेत्र बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी है। घायल सन्नी खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज पटना पीएमसीएच में चल रहा है।