
बिहार: राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र स्थित उमानाथ धाम के सामने दियारा क्षेत्र में सोमवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान एक इंजीनियरिंग का छात्र डूब गया। छात्र की पहचान 20 वर्षीय रितेश कुमार के रूप में हुई है, जो अपने चाचा की शादी में शामिल होने के लिए घर आया हुआ था। घटना के बाद शादी का उत्सव मातम में तब्दील हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रितेश सोमवार सुबह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान के लिए गया था। स्नान के बाद जब सभी लोग घाट से लौट आए, तो रितेश लापता पाया गया। काफी देर तक खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों को आशंका हुई कि वह नहाते समय डूब गया है। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर लगातार खोजबीन जारी है और परिजनों को ढांढस बंधाया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि रितेश एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था और गर्मी की छुट्टियों में अपने गांव आया हुआ था। बुधवार को उसके चाचा की शादी तय थी, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जहां घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, अब वहां शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ पीड़ित परिवार के घर जमा है।






