कैमूर में इंडिया गठबंधन का ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’ मार्च
INDIA bloc’s ‘Oust Gyanesh, Save Democracy’ march in Kaimur

भभुआ। कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ में इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। गठबंधन की समन्वय समिति के बैनर तले जगजीवन स्टेडियम से ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला गया, जो एकता चौक पहुंचा। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय गेट के पास पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

इंडिया गठबंधन समन्वय समिति की ओर से अधिकारियों को दिए गए ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चिंता जताई गई। ज्ञापन में दावा किया गया कि राष्ट्रीय मीडिया की एक खोजी रिपोर्ट में निर्वाचन आयोग के दो चुनाव आयुक्तों द्वारा पिछले कुछ महीनों में आयोग के विभिन्न निर्णयों और प्रक्रियाओं को लेकर लिखित आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। गठबंधन ने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण और डिजिटल प्रणालियों के केंद्रीकरण को लेकर भी सवाल उठाए।

GNSU Admission Open 2026

ज्ञापन में कहा गया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया जटिल होने, मतदाता सूची से नाम हटाने और बहाल करने की प्रक्रिया में कथित विसंगतियों तथा नए आवेदन के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म में बदलाव से आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर और मतदाता डेटा की सुरक्षा एवं कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए।

गठबंधन नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।

ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से इसे बिहार के राज्यपाल और राष्ट्रपति के पास भेजने का अनुरोध भी किया गया।

प्रदर्शन में राजद जिलाध्यक्ष अकलू राम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा, वीआईपी जिलाध्यक्ष शिवदास बिंद, भाकपा माले के विजय यादव, सीपीआई के प्रतिनिधि तथा अन्य गठबंधन दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वीरेंद्र कुशवाहा और अजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।