The DM personally visited the differently-abled complainants in the Janta Darbar, promptly taking action on over 100 cases.

सासाराम। रोहतास समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 100 से अधिक फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दरबार के दौरान एक दिव्यांग फरियादी को कतार में खड़ा देखकर डीएम स्वयं अपनी कुर्सी से उठकर उसके पास पहुंचे। उन्होंने फरियादी से बातचीत कर उसका आवेदन लिया और समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

जनता दरबार में जमीन विवाद, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, राजस्व और स्वास्थ्य समेत अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर जानकारी लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें।

GNSU Admission Open 2026