वाराणसी एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारी
BJP intensifies preparations for Varanasi MLC election.

वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह और शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद संगठन ने चुनावी अभियान को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

इसी क्रम में रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और मतदाताओं से संपर्क अभियान पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने प्रत्येक पंजीकृत मतदाता तक पहुंच बनाने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर जोर दिया।

GNSU Admission Open 2026

काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव की तर्ज पर एमएलसी चुनाव में भी संगठन का माइक्रो मैनेजमेंट लागू किया जाएगा। उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के साथ पन्ना प्रमुखों की भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक में कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पंजीकृत मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में बैठकें आयोजित कर पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि चुनावी अभियान में मतदाता सूची को आधार बनाकर क्षेत्रवार जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी। प्रत्येक पंजीकृत मतदाता से संपर्क और संवाद के बाद उसे मतदान केंद्र तक पहुंचाने की रणनीति पर भी काम किया जाएगा।

अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले एमएलसी चुनाव को संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसके लिए सभी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को निर्धारित जिम्मेदारियों के साथ काम करना होगा।

भाजपा ने वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह और वाराणसी शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। दोनों नाम पार्टी द्वारा घोषित छह प्रत्याशियों की सूची में शामिल हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और पंजीकृत मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।