चंडीगढ़ में संपत्ति सेवाएं डिजिटल, ई-संपदा ऐप और फेसलेस सुविधा शुरू
Digital property services, e-Sampada app, and faceless facility launched in Chandigarh.

चंडीगढ़। शहरवासियों को संपत्ति संबंधी सेवाएं सरल और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस ने दो नई डिजिटल पहल शुरू की हैं। पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रामदरबार स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित समाधान शिविर के दौरान ‘ई-संपदा सीएचडी’ मोबाइल ऐप और फेसलेस सेवा वितरण सुविधा का शुभारंभ किया।

इन सुविधाओं के शुरू होने से नागरिकों को संपत्ति से जुड़े कई कार्यों के लिए एस्टेट ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासन का उद्देश्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, कागजरहित और नागरिक-अनुकूल बनाना है।

GNSU Admission Open 2026

उपायुक्त-सह-एस्टेट ऑफिसर निशांत कुमार यादव ने बताया कि ई-संपदा सीएचडी ऐप के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन पर संपत्ति से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके जरिए संपत्ति का विवरण देखने के साथ पहले जमा किए गए आवेदनों की स्थिति, बकाया राशि और ऑनलाइन दर्ज शिकायतों की प्रगति की जानकारी भी हासिल की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि ऐप फिलहाल एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। जल्द ही इसे आईओएस ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आईफोन उपयोगकर्ता भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

ऑनलाइन होगी आवेदन से निपटान तक की प्रक्रिया

फेसलेस सेवा वितरण सुविधा के तहत आवेदक बिना अपॉइंटमेंट लिए और एस्टेट ऑफिस पहुंचे अपने आवेदन तथा आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। जमा किए गए दस्तावेज संबंधित शाखा को डिजिटल माध्यम से भेजे जाएंगे।

इस व्यवस्था में आवेदन प्राप्त होने से लेकर उसके अंतिम निपटान तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होगी। आवेदकों को अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलने की आवश्यकता नहीं होगी।

एस्टेट ऑफिस के अनुसार, इन दोनों पहलों से कार्यालय में लोगों की आवाजाही कम होगी और संपत्ति संबंधी सेवाओं के निपटान की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित बनेगी। डिजिटल व्यवस्था से नागरिक घर बैठे आवेदन की स्थिति और शिकायतों की प्रगति पर नजर रख सकेंगे।

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।