टनकपुर-बनबसा में 59 ग्रामीण मार्गों के निर्माण के लिए 9.94 करोड़ मंजूर
₹9.94 crore sanctioned for the construction of 59 rural roads in Tanakpur-Banbasa.

चम्पावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 59 आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए शासन ने 9 करोड़ 94 लाख 17 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।

इस योजना के तहत गुदमी, देवीपुरा, पंचपकरिया, बमनपुरी, भजनपुर, चंदनी, छिनीगोठ, मोहनपुर, बस्तिया, बनबसा, मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, नायकगोठ, टनकपुर और आमबाग समेत विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बनाए जाएंगे। इन मार्गों से मुख्य सड़कों को ग्रामीण बस्तियों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों से जोड़ा जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, बरसात के दौरान होने वाली परेशानियां कम होंगी और स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। इससे कृषि, व्यापार और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द ग्रामीणों तक पहुंचाना है।