ATF ₹16 और कमर्शियल LPG ₹62.59 महंगी, घरेलू गैस के दाम स्थिर
ATF price hiked by ₹16 and commercial LPG by ₹62.59; domestic gas prices remain unchanged.

नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के अनुरूप विमान ईंधन (एटीएफ) और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में गुरुवार से इजाफा किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, एटीएफ की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर और 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 62.59 रुपये की वृद्धि की गई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

तेल कंपनियों के मुताबिक, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए विमान ईंधन की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है। एटीएफ विमानन कंपनियों की परिचालन लागत का एक प्रमुख हिस्सा है। ऐसे में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी का असर एयरलाइंस के खर्च पर पड़ सकता है।

GNSU Admission Open 2026

वहीं, 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.59 रुपये की वृद्धि की गई है। इससे पहले सितंबर में भी इस सिलेंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़ाई गई थी।

इससे पहले जुलाई और अगस्त में लगातार दो महीनों के दौरान वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में क्रमशः 183.50 रुपये और 192 रुपये की कटौती की गई थी। ये कटौतियां जून में कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद की गई थीं।

फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई थी। इस अवधि में कीमतों में कुल 1,373 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई थी। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी को इसके प्रमुख कारणों में शामिल किया गया था।

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। कीमतों में बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार के मानक दरों और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर किया जाता है। राज्यों में स्थानीय करों और वैट के कारण वास्तविक कीमतें अलग-अलग हो सकती हैं।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर रखी गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में भी फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है।