विश्व हृदय दिवस पर हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता
Raising awareness about heart health on World Heart Day

वेस्ट बोकारो। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), वेस्ट बोकारो में जागरूकता सत्र सह स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हृदय रोग के बढ़ते खतरे, इसके प्रमुख कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की।

टाटा मेन हॉस्पिटल वेस्ट बोकारो के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने हृदय रोग से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि हृदय रोग अब केवल उम्रदराज लोगों तक सीमित नहीं है। बदलती जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से हृदय रोग का जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से समय रहते जोखिम कारकों की पहचान कर आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की।

GNSU Admission Open 2026

डॉ. कुमार ने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार इन समस्याओं को नियंत्रित रखने पर जोर दिया। साथ ही भोजन में अधिक नमक, तेल और वसा के इस्तेमाल से बचने तथा हरी सब्जियों, फलों और संतुलित आहार को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधि हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार प्रतिदिन पैदल चलने या व्यायाम करने की आदत विकसित करनी चाहिए। लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से बचने के साथ धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।

कार्यक्रम में हृदयाघात के संभावित लक्षणों की भी जानकारी दी गई। सीने में दर्द या दबाव, सांस फूलना, अचानक कमजोरी, अत्यधिक थकान, ठंडा पसीना, चक्कर आना तथा दर्द का हाथ, कंधे, पीठ या जबड़े तक पहुंचना गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में मानसिक तनाव को नियंत्रित करने, पर्याप्त नींद लेने और नियमित रूप से रक्तचाप, रक्त शर्करा तथा कोलेस्ट्रॉल की जांच कराने पर भी जोर दिया गया। चिकित्सा कर्मियों ने लोगों के सवालों के जवाब देकर उन्हें हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी दी।

इस अवसर पर टाटा स्टील के कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस, प्रशासन विभाग के अधिकारी, अस्पताल के चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी और स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे।