निगार सुल्ताना ऑस्ट्रेलिया दौरे पर करेंगी बंगलादेश की कप्तानी
Nigar Sultana to captain Bangladesh on Australia tour.

ढाका: बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने महिला वनडे टीम की कप्तान निगार सुल्ताना जोटी के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जोटी ऑस्ट्रेलिया के आगामी दौरे पर भी टीम की कप्तानी करेंगी। बंगलादेश को इस दौरे पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलने हैं।

हाल के दिनों में ऐसी चर्चाएं थीं कि बीसीबी वनडे टीम के लिए नया कप्तान नियुक्त कर सकता है। इसकी वजह एशियाई खेलों के दौरान जोटी का टी-20 कप्तानी छोड़ने का फैसला माना जा रहा था, जिससे बोर्ड को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बोर्ड ने अब उनके वनडे कप्तान बने रहने की पुष्टि कर दी है।

GNSU Admission Open 2026

बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल और महिला विंग के चेयरमैन रफीकुल इस्लाम बाबू ने सोमवार को बोर्ड मुख्यालय में महिला क्रिकेटरों के साथ बैठक की। बैठक के बाद रफीकुल ने पत्रकारों से बातचीत में जोटी की कप्तानी को लेकर स्थिति स्पष्ट की।

उन्होंने कहा, “मैंने आज बैठक के दौरान घोषणा की कि आप कप्तान बनी रहेंगी और कप्तान के तौर पर ही ऑस्ट्रेलिया जाएंगी।”

निगार सुल्ताना वर्ष 2021 से बंगलादेश की वनडे टीम की कप्तानी कर रही हैं। आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वह टीम का नेतृत्व जारी रखेंगी।

इस बीच, महिला टीम के सीनियर कोच सरवर इमरान के हालिया बयानों को लेकर भी बीसीबी ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। एशियाई खेलों में बंगलादेश के कांस्य पदक से चूकने के बाद इमरान ने टीम की कप्तानी और कोचिंग व्यवस्था को लेकर बोर्ड की आलोचना की थी।

रफीकुल ने कहा कि बोर्ड फिलहाल कोच को कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं करेगा, लेकिन उनके बयान अनुचित थे और आचार संहिता का उल्लंघन माने जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इमरान बीसीबी के साथ अनुबंध से जुड़े वरिष्ठ कोच हैं और उनसे इस तरह की टिप्पणियों की उम्मीद नहीं थी। रफीकुल ने उनके बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कोच ने गंभीर गलती की है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक इमरान को कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं किया गया है।