बारिश के बाद धंसा पक्का मकान, प्रशासन ने गिराया
Pukka house collapsed after rain; administration demolished it.

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लगातार हुई भारी बारिश के बीच बावन ब्लॉक के अनंग बेहटा गांव में एक पक्का मकान अचानक धंसने लगा। बेसमेंट में पानी भरने और मकान के सपोर्ट सिस्टम पर असर पड़ने के बाद भवन की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। एहतियात के तौर पर मकान में रहने वाले लोग बाहर निकल आए। बाद में प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए मकान को बुलडोजर से गिरा दिया।

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अनंग बेहटा गांव में अजीत कुमार का मकान आबादी के बीच स्थित है। भारी बारिश के बाद मकान धीरे-धीरे नीचे बैठने लगा। मकान मालिक के अनुसार, उनके घर से सटे हिस्से में मोहम्मद आरिफ की पेपर कप फैक्ट्री संचालित होती थी। फैक्ट्री में करीब पांच मशीनें लगी थीं और प्रत्येक मशीन का वजन लगभग ढाई टन बताया गया है।

GNSU Admission Open 2026

अजीत कुमार का आरोप है कि मशीनों को हाइड्रा की मदद से हटाने के दौरान बेसमेंट के कुछ कॉलम क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद मकान के धंसने की प्रक्रिया शुरू हुई। बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से स्थिति और गंभीर हो गई और मकान के गिरने का खतरा बढ़ गया।

मकान की स्थिति बिगड़ते ही अजीत कुमार का परिवार बाहर निकल आया। परिवार ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मकान के अंदर मौजूद गृहस्थी का सामान भी नहीं निकाला और मामले की सूचना प्रशासन को दी।

सूचना मिलने के बाद अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी और एसडीएम मयंक कुंडू के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। भवन की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद आसपास के इलाके में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। किसी संभावित हादसे से बचने के लिए पुलिस बल, फायर और मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात किया गया।

प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर की मदद से मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। शनिवार देर रात तक भवन को पूरी तरह ढहा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, हाल में हुई भारी बारिश के कारण बेसमेंट में पानी भरना भी भवन के सपोर्ट सिस्टम के प्रभावित होने की प्रमुख वजहों में शामिल है। मामले में मकान के धंसने के कारणों की जांच की जा रही है।