बारिश से काशी में गर्मी से राहत, घाटों पर बढ़ी रौनक
Rain brings relief from the heat in Kashi; the ghats come alive.

वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का असर वाराणसी में भी देखने को मिल रहा है। बुधवार शाम और गुरुवार भोर में हुई बारिश के बाद पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। तापमान में गिरावट के साथ ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की चहल-पहल भी बढ़ गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से वाराणसी और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव आया है। इसके प्रभाव के शुक्रवार तक बने रहने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं, रविवार से आसमान साफ होने और बादलों के छंटने की संभावना है।

GNSU Admission Open 2026

बारिश के बाद मौसम सुहावना होने से काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। सुबह से ही गंगा घाटों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी रही। मौसम अनुकूल होने के कारण लोगों ने घाटों पर समय बिताने के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम भी बनाया।

पुणे से काशी पहुंचे पर्यटक अभिजीत बाथम ने बताया कि तेज धूप और उमस के कारण पिछले दिनों शहर घूमने में काफी परेशानी हो रही थी। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि बुधवार शाम से मौसम बदलने के बाद परिवार के साथ काशी में दर्शन-पूजन और घूमने का कार्यक्रम बनाया गया है।

मौसम में आए बदलाव से स्थानीय लोगों को भी राहत मिली है। बारिश के कारण शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन के समय बाहर निकलने में लोगों को पहले की तुलना में कम परेशानी हुई।

आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।