
रायपुर: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘नेवता भोज’ में बैगा पुजारियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक साथ भोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं कार्यशाला में शामिल बैगा पुजारियों और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन करते नजर आए। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के साथ आपसी संवाद और सामुदायिक भावना को मजबूत करना था।
नेवता भोज में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, बैगा पुजारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि नेवता भोज के जरिए समानता, आपसी सम्मान और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। बैगा पुजारियों और ग्रामीणों की भागीदारी से कार्यक्रम को स्थानीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से भी जोड़ा गया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सामाजिक सद्भाव और सामुदायिक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया।






