न्यूयॉर्क। अमेरिकी संसद की न्यायिक समिति के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ उनके संबंधों की जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।
समिति के डेमोक्रेटिक सदस्यों के अनुसार, इन्फेंटिनो की ओर से सहयोग का स्तर ‘‘बेहद अपर्याप्त’’ रहा है। उनका कहना है कि समिति ने जिन दस्तावेजों की मांग की थी, उन्हें उपलब्ध कराने और पूछताछ के लिए पेश होने के अनुरोध पर इन्फेंटिनो की ओर से कोई उचित जवाब नहीं दिया गया।
यह जांच इन्फेंटिनो और ट्रम्प प्रशासन के बीच संबंधों के साथ-साथ फीफा की ओर से दिए गए ‘फीफा पीस प्राइज’ और विश्व कप से जुड़े कुछ फैसलों पर केंद्रित है। समिति यह भी जांच कर रही है कि क्या फीफा की गतिविधियों में ट्रम्प प्रशासन के साथ संबंध मजबूत करने के प्रयास शामिल रहे हैं।
समिति के प्रमुख अल्पसंख्यक सदस्य और डेमोक्रेट सांसद जेमी रास्किन ने 26 जुलाई को इन्फेंटिनो को पत्र लिखकर जांच के बारे में जानकारी दी थी। पत्र में रास्किन ने कहा था कि वह इस बात की जांच शुरू कर रहे हैं कि क्या फीफा राष्ट्रपति ट्रम्प का समर्थन हासिल करने के लिए ‘‘एक निरंतर अभियान’’ चला रहा है।
हालांकि, अभी तक इन्फेंटिनो के खिलाफ कोई सम्मन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में रास्किन के अनुरोधों का पालन नहीं करने पर फिलहाल किसी आपराधिक कार्रवाई का प्रावधान नहीं है।
समिति की ओर से उठाए गए सवालों और इन्फेंटिनो की प्रतिक्रिया को लेकर आगे की कार्रवाई पर अब नजर बनी हुई है।







