निशिन (जापान): मोहम्मद अकरम, दरवेश रसूली और मोहम्मद इशाक की उपयोगी पारियों के बाद अरब गुल और नांगेलिया खरोटे की शानदार गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने एशियाई खेलों की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। ग्रुप ए के मुकाबले में अफगानिस्तान ने जापान को 48 रन से हराया।
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 129 रन बनाए। मोहम्मद अकरम ने 29 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन की पारी खेली। कप्तान दरवेश रसूली ने 27 गेंदों में चार चौकों के साथ 29 रन बनाए।
मोहम्मद इशाक ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। उन्होंने 17 गेंदों की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। करीम जनत ने भी 21 रन का योगदान दिया।
जापान की ओर से शोमा सुगाया-स्लेटर और इब्राहिम ताकाहाशी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि रियो साकुरानो-थॉमस और बेंजामिन इतो-डेविस को एक-एक सफलता मिली।
130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम अफगानिस्तान की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 19.3 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। रियो साकुरानो-थॉमस ने 23 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। बेंजामिन इतो-डेविस ने 17 और कप्तान केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग ने 14 रन बनाए।
अफगानिस्तान के लिए अरब गुल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ आठ रन देकर चार विकेट झटके। नांगेलिया खरोटे ने तीन, अब्दुल्लाह अहमदजई ने दो और नजीबउल्लाह जदरान ने एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने ग्रुप ए में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।







