सासाराम: त्योहारों के मौसम को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने आग से बचाव और अग्नि सुरक्षा को लेकर सासाराम शहर में जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के अमरा तालाब, धर्मशाला, जानी बाजार समेत कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में कैंप लगाकर लोगों को आग से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग की टीम ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को आग लगने के संभावित कारणों और उससे बचने के तरीकों के बारे में बताया। अभियान के दौरान लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए, जिसमें आग से बचाव, सावधानियों और आपात स्थिति में सहायता लेने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रधान अग्निक राजेश कुमार ने विशेष रूप से पूजा पंडाल संचालकों से अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग एक जगह एकत्र होते हैं।
विभाग के अनुसार, पूजा पंडाल की ऊंचाई कम से कम तीन मीटर रखी जानी चाहिए। पंडाल निर्माण में सिंथेटिक या टेरीकॉटन कपड़े के इस्तेमाल से बचने और सूती कपड़े का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पंडालों में बिजली की वायरिंग सुरक्षित तरीके से कराने और किसी भी आपात स्थिति में लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने के लिए निकास मार्ग को हमेशा खुला रखने के निर्देश दिए गए।
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाएं और सरकारी आपातकालीन सेवा को सूचना दें। विभाग ने त्योहारों के दौरान सजावट, बिजली कनेक्शन और खाना पकाने जैसी गतिविधियों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की भी अपील की।







