मुंबई। अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी फिल्मकार नीरू शर्मा की आगामी शॉर्ट फिल्म ‘लाइक माँ’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है।
23 मिनट की यह शॉर्ट फिल्म एक उच्च-मध्यमवर्गीय परिवार की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी मातृत्व और पीढ़ियों के बीच रिश्तों की जटिलताओं को संवेदनशील तरीके से सामने लाती है। सोनाली फिल्म में गृहिणी अंजना की भूमिका निभा रही हैं, जिसका अपनी किशोर बेटी के साथ रिश्ता कहानी का प्रमुख भावनात्मक पक्ष है।
नीरू शर्मा ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्माण और निर्देशन भी किया है। ‘लाइक माँ’ में पारिवारिक अनुभवों, अपेक्षाओं और सामाजिक सोच के रिश्तों पर पड़ने वाले प्रभाव को दिखाया गया है।
फिल्म से जुड़ने पर सोनाली कुलकर्णी ने कहा कि कहानी की ईमानदारी और संवेदनशीलता ने उन्हें प्रभावित किया। उनके मुताबिक, नीरू शर्मा ने विषय को आत्मीयता के साथ प्रस्तुत किया है और यह किरदार उन्हें ऐसे मानवीय भावों को पर्दे पर जीने का अवसर देता है, जिनसे दर्शक जुड़ सकते हैं।
फिल्म में मेहदी खान, मेहान सोनी, स्मिता इनामदार, ऐश्वर्या मनोहर, हिशा जोशी, नंदिनी शर्मा, कोमल खिमसरिया और अयाज़ खान भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
निरुवाना क्रिएशन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता राजीव पाराशर हैं। आकाश सेठी ने सिनेमैटोग्राफी, संदीप कुरुप ने संपादन, कौशल महावीर ने संगीत और रुचा देओघरकर ने प्रोडक्शन डिजाइन संभाला है।







