लंदन। लंकाशायर क्रिकेट क्लब ने टीमों के खराब प्रदर्शन के बाद क्रिकेट परफॉर्मेंस डायरेक्टर मार्क चिल्टन और महिला क्रिकेट डायरेक्टर डेविड थोरले को उनके पदों से हटा दिया है। क्लब ने इसे परफॉर्मेंस सेटअप के पुनर्गठन का हिस्सा बताया है।
लंकाशायर की पुरुष और महिला दोनों टीमों का मौजूदा सत्र उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। महिला टीम टी-20 ब्लास्ट के ग्रुप चरण में सबसे नीचे रही और मेट्रो बैंक वनडे कप के नॉकआउट चरण में भी जगह नहीं बना सकी।
पुरुष टीम का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। स्टीवन क्रॉफ्ट की अगुवाई वाली टीम काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन टू में निचले स्थान पर है। टीम टी-20 ब्लास्ट के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी और वनडे कप के एलिमिनेटर में भी उसे हार का सामना करना पड़ा।
मार्क चिल्टन का लंकाशायर से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। उन्होंने 2005 से 2007 तक क्लब की कप्तानी की और 2011 में खिलाड़ी के रूप में चैंपियनशिप जीतने के बाद कोचिंग से जुड़े। उन्हें 2021 में क्रिकेट परफॉर्मेंस डायरेक्टर नियुक्त किया गया था।
डेविड थोरले पिछले छह वर्षों से लंकाशायर की महिला टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। क्लब के नेतृत्व स्तर पर भी बदलाव हो रहा है। लंबे समय से मुख्य कार्यकारी रहे डैनियल गिडनी भी पद छोड़ रहे हैं और उनकी जगह नॉटिंघमशायर से रिचर्ड केन्यन पद संभालेंगे।
गिडनी ने कहा कि क्लब को आगे बढ़ाने के लिए परफॉर्मेंस सेटअप में बदलाव जरूरी है। उन्होंने चिल्टन और थोरले के योगदान की सराहना करते हुए दोनों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।







