नयी दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) 20 अक्टूबर से लागू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के उद्योग और व्यापार को लाभ मिलेगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गोयल ने बताया कि समझौते पर 27 अप्रैल को हस्ताक्षर किए गए थे और न्यूजीलैंड की संसद ने पिछले सप्ताह इसे मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि समझौते को लागू करने से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
समझौते के तहत भारत के 100 प्रतिशत निर्यात को न्यूजीलैंड के बाजार में शुल्क-मुक्त प्रवेश मिलेगा। वहीं, भारत ने डेयरी, मक्का, प्याज, चना, फलियां, चीनी और शहद जैसे संवेदनशील कृषि उत्पादों पर न्यूजीलैंड को शुल्क संबंधी रियायत नहीं दी है।
गोयल ने भारतीय उद्योग और व्यापार जगत से इस समझौते का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे न्यूजीलैंड के बाजार में उन देशों के उत्पादों के साथ प्रतिस्पर्धा में भारतीय निर्यातकों को मदद मिलेगी, जिनका न्यूजीलैंड के साथ पहले से व्यापार समझौता है।
उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड ने समझौते के तहत भारत में 20 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इससे भारत को विदेशी पूंजी और नई प्रौद्योगिकी हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वाणिज्य मंत्री के अनुसार, समझौते से न्यूजीलैंड के निवेशकों को भारत में विनिर्माण के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। वे भारत में अपेक्षाकृत कम लागत पर उत्पादन कर तीसरे देशों के बाजारों में निर्यात भी कर सकेंगे।







