निशिन(जापान): शेफाली वर्मा के नाबाद शतक और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार पारी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों के दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। छठे ओवर में नाहिदा अख्तर ने मंधाना को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। मंधाना ने 19 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाए।
इसके बाद जी. कमालिनी तीन रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली के साथ पारी को संभाला और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। हरमनप्रीत ने 33 गेंदों में छह चौकों की मदद से 40 रन बनाए। उन्हें 18वें ओवर में राबेया खान ने आउट किया।
ऋचा घोष 19वें ओवर में दो रन बनाकर आउट हुईं। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 195 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों में तीन चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली, जबकि भारती फूलमाली नौ रन बनाकर नाबाद रहीं।
बांग्लादेश की ओर से मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मेघला, राबेया खान और नाहिदा अख्तर ने एक-एक विकेट लिया।







