मोहनिया। कैमूर जिले के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 75 से 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक डीसीएम ट्रक में शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मोहनिया चेकपोस्ट पर जांच अभियान चलाया और संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक से 592 पेटी में कुल 5,310 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी निवासी अक्षय के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग ने शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है और शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में जांच की जा रही है।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। उत्पाद विभाग और पुलिस की ओर से शराब की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।







