भारत-नेपाल ने व्यापार और पारगमन सहयोग पर की चर्चा
India-Nepal discuss trade and transit cooperation

नयी दिल्ली। भारत और नेपाल के अधिकारियों ने द्विपक्षीय व्यापार, पारगमन और अनधिकृत व्यापार पर रोक लगाने से जुड़े मुद्दों पर नए दौर की बातचीत की। दोनों देशों के बीच अंतर-सरकारी उप-समिति की बैठक राजधानी में आयोजित की गई।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव उज्ज्वल कुमार घोष ने किया, जबकि नेपाली पक्ष का नेतृत्व उद्योग, वाणिज्य और आपूर्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव बुद्ध बहादुर गुरुंग ने किया। बैठक में दोनों देशों के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

GNSU Admission Open 2026

यह उप-समिति दोनों देशों के बीच व्यापार एवं व्यापार से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने और द्विपक्षीय व्यापार तथा पारगमन को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण संस्थागत तंत्र है।

बैठक में बाजार पहुंच, सीमा शुल्क और व्यापार सुगमता, उत्पाद मानक, खाद्य सुरक्षा, फाइटोसेनेटरी उपायों, फार्मास्यूटिकल्स, चिकित्सा उपकरण और आयुष उत्पादों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, रेल और सड़क संपर्क तथा व्यापार से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की। दोनों देशों ने व्यापार को सुगम बनाने और सीमा पार आर्थिक गतिविधियों को बेहतर बनाने से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।