
मुंबई: अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। रुक्मिणी ने कहा कि यह फिल्म उनके अब तक के करियर में किए गए काम से बिल्कुल अलग है और इसकी दुनिया तथा किरदारों की जटिलता ने उन्हें शुरुआत से ही आकर्षित किया।
फिल्म के म्यूजिक लॉन्च के दौरान रुक्मिणी ने कहा कि ‘टॉक्सिक’ उनके साथ-साथ फिल्म से जुड़े हर व्यक्ति के लिए बेहद खास है। फिल्म का विशाल पैमाना उन्हें पहली बार इसके बारे में सुनते ही पसंद आया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिल्म की खासियत केवल इसकी भव्यता नहीं, बल्कि इसके किरदारों की जटिलता और उनके ग्रे शेड्स भी हैं।
रुक्मिणी फिल्म में मेलिसा का किरदार निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि वह यह जानने के लिए उत्साहित थीं कि फिल्म की विशाल दुनिया में मेलिसा की जगह क्या है और उसका अन्य किरदारों के साथ किस तरह का संबंध सामने आता है।
यश के साथ काम करने के अनुभव को लेकर रुक्मिणी ने कहा कि यश की फैनगर्ल होने के बाद उनके साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा। उन्होंने माना कि फिल्म में दर्शकों को उनका ऐसा रूप देखने को मिलेगा, जिसे उन्होंने पहले नहीं देखा है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






