नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में देर रात हुई हल्की बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं शहर की बदहाल व्यवस्था की पोल भी खोल कर रख दी। मामूली बारिश के बाद ही कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई, लेकिन सबसे ज्यादा समस्या ओवरब्रिज पर देखने को मिली, जहां पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ओवरब्रिज पर पानी निकासी के लिए बनाए गए सभी होल पूरी तरह जाम हो चुके हैं। यही वजह है कि हल्की बारिश में भी पुल के ऊपर पानी जमा हो जाता है और धीरे-धीरे यह तालाब का रूप ले लेता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो लगातार पानी जमा रहने से ओवरब्रिज की संरचना को भी नुकसान पहुंच सकता है। स्थिति को और गंभीर बनाती हैं पुल पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें। बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से 17 से अधिक लाइटें खराब हैं, जिससे रात के समय पुल का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है, लेकिन अब तक मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। हैरानी की बात यह है कि प्रतिदिन टाटा स्टील के वेंडर द्वारा सफाई कार्य किया जाता है, इसके बावजूद जल निकासी की मुख्य समस्या जस की तस बनी हुई है। इधर, काली पूजा पंडाल के पास स्थित पीसीसी सड़क पर भी हल्की बारिश के बाद पानी भर जाता है, जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है और स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे से बचा जा सके।







