सासाराम/जमूहार: गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमूहार के एसएमएस बिल्डिंग में करियर स्किल्स कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल इंडिया और रोजगार के क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते उपयोग की जानकारी दी गई।
ऑनलाइन सत्र में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को AI के व्यावहारिक उपयोग, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने और नई तकनीकों के अनुरूप खुद को तैयार करने के तरीके बताए। छात्रों को समझाया गया कि तकनीक का सही उपयोग पढ़ाई के साथ कौशल और करियर की संभावनाओं को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
कार्यक्रम में Sankhyana Consultancy Services Pvt. Ltd. की ओर से करियर और रोजगार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी गई। इसमें करियर निर्माण, वर्तमान जॉब मार्केट, भविष्य की नौकरियां, AI का करियर पर प्रभाव, HR Recruitment और Sales Executive जैसे क्षेत्रों से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी शामिल रही।

विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक भी ऑनलाइन सत्र से जुड़े। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों और जिज्ञासाओं का जवाब दिया तथा बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुसार कौशल विकसित करने पर जोर दिया।
प्रबंधन अध्ययन संकाय (FMS) के अधिष्ठाता डॉ. रजनीश रत्ना ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ तकनीक और कार्यक्षेत्र की बदलती जरूरतों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक और समसामयिक जानकारी मिल सके।







