कैमूर: कुदरा से परसथुआं को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुदरा एनएच-2 से निकलने वाला यह मार्ग सकरी पंचायत समेत आसपास के कई गांवों को परसथुआं से जोड़ता है। ग्रामीणों का दावा है कि करीब 250 गांवों के लोग रोजाना इस सड़क से आवागमन करते हैं।
सड़क पर जलजमाव और गड्ढों के कारण बाइक, बस और चारपहिया वाहनों के परिचालन में परेशानी हो रही है। पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।







