रोहतास: जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रोपवे के निर्माण कार्य, ऊपरी संरचना और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्माण में सामने आई तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि परियोजना के शुरुआती चरण में एक छोटी दुर्घटना हुई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों और विभाग की ओर से ऊपरी ढांचे की गुणवत्ता को लेकर कुछ कमियां सामने आई थीं। इस संबंध में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के चेयरमैन से भी विस्तृत चर्चा की गई है।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक स्वतंत्र सुपरवाइजिंग एजेंसी की नियुक्ति की जा रही है। एजेंसी निर्माण की गुणवत्ता, मजबूती और तकनीकी मानकों की लगातार निगरानी करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर डीएम ने कहा कि गुणवत्ता जांच और तकनीकी सुधार के कारण काम की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई है। फिलहाल परियोजना की निश्चित अंतिम समय-सीमा बताना संभव नहीं है, लेकिन पुल निर्माण निगम ने कमियों को दूर कर काम में तेजी लाने का आश्वासन दिया है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी सुरक्षा और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा बल और तकनीकी कर्मी मौजूद रहे।
वहीं, अंतरराज्यीय संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण पांडुका पुल के निर्माण को लेकर भी जिला प्रशासन संबंधित विभाग और पुल निर्माण निगम के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्थानीय स्तर की बाधाओं को दूर कर विकास और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को गति दी जाएगी।







