Russian drone strike in Ukraine kills 5, injures 67

कीव: यूक्रेन के निप्रोपेत्रोवस्क क्षेत्र के पावलोहराद शहर में एक शॉपिंग मॉल पर रूसी ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 67 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, घायलों में आठ बच्चे भी शामिल हैं।

गृह मंत्री इवान विहिव्स्की ने बताया कि हमला दिनदहाड़े उस समय हुआ, जब सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हमले की चपेट में कई दुकानें और वाहन आए। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा की तस्वीरों में घटनास्थल पर जलते वाहनों और धुएं के बीच दमकलकर्मी राहत एवं बचाव कार्य करते नजर आए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सांद्र हंझा ने बताया कि हमले में घायल 67 लोगों में आठ बच्चे हैं। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए आरोप लगाया कि रूसी सेना ने आम नागरिकों को निशाना बनाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया।

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने हमले को दबाव बनाने की रणनीति बताया। उनके अनुसार, रूस लगातार नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर यूक्रेन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, इस सप्ताह सुमी और जापोरिज्जिया में भी शॉपिंग मॉल रूसी हवाई हमलों की चपेट में आए। सुमी में एक मॉल पर हुए हमले में दो लोगों की मौत और 20 लोगों के घायल होने की सूचना है। इसके अलावा, गुरुवार को सुमी में रूसी हवाई बमबारी में आठ लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।

इस बीच, रूस ने बुधवार रात सोची में यूक्रेनी समुद्री ड्रोन हमले की जानकारी दी थी, जिसमें 28 लोगों के घायल होने की बात कही गई। दोनों पक्षों के बीच हमलों का सिलसिला ऐसे समय जारी है, जब शांति वार्ता की कोशिशें भी चल रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूतों ने हाल में मॉस्को और कीव में दोनों देशों के नेताओं से बातचीत की, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।