Sports Ministry constitutes 20-member National Sports Selection Panel

नयी दिल्ली: खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल महासंघों में चुनावी प्रक्रिया की निगरानी के लिए 20 सदस्यीय राष्ट्रीय खेल निर्वाचन पैनल (NSEP) का गठन किया है। पैनल में भारत के दो पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्तों समेत कई वरिष्ठ चुनाव अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसका गठन राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, 2025 के तहत किया गया है।

मंत्रालय की राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, एनएसईपी का उद्देश्य राष्ट्रीय खेल निकायों में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना है। पैनल में पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त अचल कुमार ज्योति और सुनील अरोड़ा शामिल हैं। पूर्व निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय भी इसके वरिष्ठ सदस्यों में हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

इसके अलावा, भारत के तीन पूर्व उप निर्वाचन आयुक्त संदीप सक्सेना, सुधीर त्रिपाठी और उमेश सिन्हा को भी पैनल में जगह दी गई है।

एनएसईपी अपने सदस्यों में से निर्वाचन अधिकारियों को नामित करेगा। ये अधिकारी खेल महासंघों की कार्यकारी समितियों के साथ-साथ खिलाड़ी आयोगों के चुनावों की निगरानी करेंगे।

इस वर्ष भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) समेत कई प्रमुख खेल संस्थाओं के चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में एनएसईपी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मंत्रालय के अनुसार, एनएसईपी के रिकॉर्ड राष्ट्रीय खेल बोर्ड द्वारा रखे जाएंगे। हालांकि, राष्ट्रीय खेल बोर्ड का गठन अभी नहीं हुआ है और इसके पदों के लिए आवेदन की समय सीमा कई बार बढ़ाई जा चुकी है।

वहीं, खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पंचाट (NST) में पदों के लिए आवेदन की समय सीमा भी एक महीने बढ़ाकर 11 अक्टूबर कर दी है। यह सातवीं बार है जब समय सीमा बढ़ाई गई है। एनएसटी के गठन के बाद देश में खेल से जुड़े विवादों की सुनवाई की जिम्मेदारी इसी संस्था की होगी।