Waterlogging disrupts traffic in Ward 25, sparking public outrage against the Municipal Corporation

सासाराम। शहर के वार्ड संख्या 25 में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी गलियों में जमा हो गया है। जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित है। खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों ने अपने स्तर पर मशीन मंगाकर सड़क की कटिंग कर पानी निकासी का रास्ता बनाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद नगर निगम की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसके चलते लोगों को खुद ही जलनिकासी की व्यवस्था करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों में इसको लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या से निपटने और जलनिकासी की व्यवस्था करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। ऐसे में लोगों को अपने स्तर पर सड़क काटकर पानी निकालने की नौबत क्यों आ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गली के समीप एक मजार भी स्थित है, जहां लोग दुआ और इबादत के लिए पहुंचते हैं। जलजमाव के कारण वहां पहुंचने में भी परेशानी हो रही है। विशेष रूप से बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और कटिंग के बाद सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका आक्रोश और बढ़ सकता है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA