सासाराम, 10 फरवरी। राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (NSS) के 81वें सत्र के अंतर्गत स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (SAS) एवं अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण (AIDIS) को लेकर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन रोहतास में किया जा रहा है। कार्यशाला का आयोजन 10 से 12 फरवरी तक अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, योजना एवं विकास विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यशाला का उद्घाटन रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय के उप निदेशक महेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के दौरान डीएम ने सर्वेक्षण में एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना और नीति-निर्माण के लिए सही एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े बेहद जरूरी हैं। क्षेत्रीय स्तर पर सर्वेक्षण करने वाले अधिकारियों और अन्वेषकों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं गोपनीयता बनाए रखने की अपील की। उप निदेशक महेश प्रसाद ने NSS के 81वें सत्र की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े नीति निर्माण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशाला में राज्य के सभी प्रमंडलों के उप निदेशक, सांख्यिकी, जिलों के जिला सांख्यिकी पदाधिकारी और अन्वेषक शामिल हुए। प्रतिभागियों को सर्वेक्षण की अवधारणा, उद्देश्य, नमूना चयन, क्षेत्रीय सर्वेक्षण, आंकड़ा संग्रहण तथा विभिन्न अनुसूचियों के सही संधारण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण के माध्यम से परिवारों की आय-व्यय एवं निवेश से जुड़ी जानकारी, जबकि अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण के तहत परिवारों की ऋणग्रस्तता एवं परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग आर्थिक एवं सामाजिक नीतियों तथा विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में किया जाएगा।
कार्यशाला का आयोजन रोहतास के जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रमोद कुमार के समन्वय एवं सहयोग से किया जा रहा है।








