करगहर/सासाराम: करगहर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय निमडीहरा में मंगलवार को सासाराम की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रिया रानी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
एसडीएम सीधे कक्षाओं में पहुंचीं और बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई का स्तर परखा। उन्होंने पाठ्यपुस्तकों से संबंधित सवाल पूछने के साथ बच्चों की दिनचर्या और स्कूल में आने वाली परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान प्रिया रानी ने शिक्षकों से भी स्कूल की व्यवस्थाओं और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या संसाधन संबंधी परेशानी है तो उसे तत्काल अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
एसडीएम ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की शिक्षा की नींव मजबूत करना विद्यालय की प्रमुख जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्कूल परिसर, रसोईघर और शौचालय की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक और संबंधित कर्मियों को स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने तथा निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। औचक निरीक्षण के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर आसपास के विद्यालयों में भी सतर्कता बढ़ गई है।








