मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार आज, 9 सितंबर को अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं। करीब 35 साल से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय अक्षय ने एक्शन, कॉमेडी, रोमांस, देशभक्ति और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
9 सितंबर 1967 को अमृतसर में जन्मे अक्षय कुमार का असली नाम राजीव हरिओम भाटिया है। फिल्मी दुनिया में आने से पहले उन्होंने बैंकॉक में शेफ और वेटर के तौर पर काम किया। इसके अलावा उन्होंने ज्वेलरी बेचने और ट्रैवल एजेंसी में भी नौकरी की।
मार्शल आर्ट्स में माहिर अक्षय कुछ समय तक लोगों को इसकी ट्रेनिंग भी देते थे। इसी दौरान उनकी कद-काठी देखकर उन्हें मॉडलिंग में करियर बनाने की सलाह मिली। अपना पोर्टफोलियो तैयार करने के लिए उन्होंने मशहूर फोटोग्राफर जयेश सेठ के साथ लाइटमैन के तौर पर भी काम किया।
अक्षय ने 1991 में फिल्म ‘सौगंध’ से बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि फिल्म को खास सफलता नहीं मिली, लेकिन 1992 की ‘खिलाड़ी’ ने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद ‘मोहरा’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ और ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’ जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड का ‘खिलाड़ी’ बना दिया।
अपने लंबे करियर में अक्षय ने 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। ‘हेरा फेरी’, ‘धड़कन’, ‘गरम मसाला’, ‘केसरी’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘मिशन मंगल’, ‘गुड न्यूज’ और ‘सूर्यवंशी’ जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
निजी जिंदगी की बात करें तो अक्षय कुमार ने जनवरी 2001 में अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना से शादी की। दोनों के दो बच्चे हैं। आज भी अक्षय बॉलीवुड के सबसे व्यस्त और चर्चित अभिनेताओं में शामिल हैं।








