Home बिहार बिहार सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो जिगरी दोस्तों...

बिहार सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत

218
0
Bihar road accident: Two close friends die tragically as their speeding bike collides with a divider

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक रोड के पास सड़क दुर्घटना में दो जिगरी दोस्तों की मौत हो गई। घटना आधी रात के बाद की बताई जा रही है, जब दोनों दोस्त बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ब्रिज के पास लगे डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। मृतकों की पहचान वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र निवासी मिठनपुरा कन्हौली मठ के वीरेंद्र कुमार साह के 20 वर्षीय पुत्र विवेक उर्फ राजा और मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के खादी भंडार निवासी संतोष कुमार के 21 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के संबंध में मृतक विवेक के पिता वीरेंद्र कुमार साह ने बताया कि रात करीब तीन बजे पुलिस ने सूचना दी कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां ब्रिज के पास बाइक क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी और दोनों युवक मृत अवस्था में पड़े थे। दोनों के मोबाइल फोन भी टूटे हुए थे। उन्होंने बताया कि दोनों छात्र थे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।

GNSU Admission Open 2026

इतनी रात को वे कहां और क्यों निकले थे, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। इस मामले में काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। घटना मोतीझील फ्लाईओवर ब्रिज के पास की है। प्रथम दृष्टया बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। दोनों की पहचान कर ली गई है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि ब्रिज के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।