पेरिस: फ्रांस के कैग्नेस-सुर-मेर शहर स्थित रेनॉयर म्यूजियम में चोरी की घटना ने कला जगत में हलचल मचा दी है। मंगलवार को शहर के मेयर ने बताया कि चोरों ने म्यूजियम में घुसकर फ्रांसीसी इंप्रेशनिस्ट कलाकार ऑगस्टे रेनॉयर की चार कलाकृतियों को निशाना बनाया। हालांकि, भागते समय चोर दो पेंटिंग म्यूजियम के बगीचे में छोड़ गए। पुलिस अब मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।
चोरी हुई कलाकृतियों में ‘पोर्ट्रेट ऑफ मैडम कोलोना रोमानो’ और ‘यंग वुमन एट द वेल’ शामिल हैं। रेनॉयर म्यूजियम में कुल 12 कलाकृतियां रखी गई थीं।
यह घटना दुनिया में हुई चर्चित कला चोरियों की याद भी दिलाती है। मार्च में उत्तरी इटली के पार्मा के पास स्थित मैग्नानी रोक्का फाउंडेशन से रेनॉयर, पॉल सेजान और हेनरी मैटिस की पेंटिंग चोरी हुई थीं। इनकी कीमत लाखों यूरो बताई गई थी।
वहीं, पेरिस के लूव्र म्यूजियम से नेपोलियन और उनके परिवार के शाही गहनों की चोरी ने भी दुनिया का ध्यान खींचा था। चोरों ने करोड़ों यूरो मूल्य के आभूषण लेकर फरार होने में कामयाबी हासिल की थी।
कला चोरी की सबसे चर्चित घटनाओं में 1911 की मोना लिसा चोरी भी शामिल है। लियोनार्डो दा विंची की यह पेंटिंग लूव्र से चोरी होने के बाद करीब दो साल बाद इटली में बरामद हुई थी। इस घटना के बाद ‘मोना लिसा’ की वैश्विक प्रसिद्धि और बढ़ गई।
अमेरिका का इसाबेला स्टीवर्ट गार्डनर म्यूजियम भी ऐसी ही बड़ी चोरी का गवाह रहा है, जहां 1990 में रेम्ब्रांट और वर्मीर जैसे महान कलाकारों की 13 कलाकृतियां चोरी हुई थीं। यह मामला आज भी दुनिया की सबसे बड़ी अनसुलझी कला चोरियों में गिना जाता है।








