रायपुर: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे की उम्मीदवारी फिलहाल होल्ड कर दी गई है। दोनों के खिलाफ पैसे देकर सदस्य बनाए जाने की शिकायत मिलने के बाद चुनाव कमेटी ने उनसे मंगलवार शाम 7 बजे तक लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
चुनाव कमेटी की ओर से जारी नोटिस में दोनों उम्मीदवारों पर निजी एजेंसी के माध्यम से सदस्यों की सदस्यता कराने का आरोप लगाया गया है। कमेटी ने इसे चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत बताते हुए पूछा है कि उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।
कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक जवाब नहीं मिलने पर इसे संबंधित उम्मीदवार की ओर से कोई आपत्ति या स्पष्टीकरण नहीं देने के रूप में माना जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों की उम्मीदवारी पर अंतिम फैसला उनके जवाब के बाद होगा।
शिकायत के बाद दोनों नेताओं के नाम चुनाव से जुड़े ऐप से हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर पहले भी प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। इन शिकायतों के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारी स्मृति रंजन लेंका और चुनाव पदाधिकारियों को छत्तीसगढ़ भेजा था। 17 से 19 अगस्त तक चले दौरे के दौरान प्रभावित कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनी गई थीं।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी चुनाव व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने एक जिला और एक विधानसभा क्षेत्र वाले जिलों में विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव फिलहाल नहीं कराने की मांग की थी।
अब सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे की उम्मीदवारी का फैसला चुनाव कमेटी के अगले निर्णय पर निर्भर है। दोनों को 8 सितंबर शाम 7 बजे तक अपना पक्ष रखना है।








