बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा गंगाशहर थाना क्षेत्र में पलाना और उदयरामसर के बीच जोधपुर राजमार्ग पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, स्वरूपदेसर गांव निवासी चंदाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग मोटरसाइकिल से बीकानेर शहर से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि मृतक आपस में रिश्ते के भाई थे। हादसे की सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पीबीएम अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








