जमूहार (रोहतास): गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमूहार के फैकल्टी ऑफ नर्सिंग की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय ‘दीक्षारंभ-2026’ स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। एक से पांच सितंबर तक देव मंगल सभागार ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग एवं एमएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नर्सिंग शिक्षा, संस्थागत मूल्यों, अनुशासन तथा पेशेवर जिम्मेदारियों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश प्रसाद, कुलसचिव प्रो. डॉ. आलोक कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह, डीन-कम-प्रिंसिपल प्रो. डॉ. के. लता तथा वाइस प्रिंसिपल डॉ. श्वेता शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नर्सिंग क्षेत्र में अनुशासन, समर्पण, करुणा, नैतिकता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने तथा नर्सिंग के माध्यम से समाज की सेवा करने का आह्वान किया। डीन-कम-प्रिंसिपल प्रो. डॉ. के. लता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शैक्षणिक जीवन में अनुशासन, व्यावसायिकता और समर्पण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं परीक्षा नियंत्रक एवं कुलसचिव ने विद्यार्थियों से संवाद कर परीक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।पांच दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न ओरिएंटेशन एवं मार्गदर्शन सत्र, व्यावसायिक जागरूकता गतिविधियां, संवादात्मक सत्र तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना, अनुशासन और पेशेवर प्रतिबद्धता विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यार्थियों ने ‘दीक्षारंभ-2026’ को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की नई शुरुआत बताते हुए विश्वविद्यालय एवं फैकल्टी ऑफ नर्सिंग के प्रति आभार व्यक्त किया।








