क्विटो: अमेरिकी सेना ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इक्वाडोर के पास एक और पोत को निशाना बनाकर डुबो दिया। अमेरिका का दावा है कि यह पोत आपराधिक गिरोह ‘लॉस चोनेरोस’ से जुड़ा था और समुद्र के रास्ते ड्रग तस्करी में मदद कर रहा था।
अमेरिकी सदर्न कमांड ने बताया कि संयुक्त कार्यबल ने पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक ईंधन आपूर्ति पोत को रोका। कार्रवाई के बाद पोत पर मौजूद लोगों को इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंपे जाने की बात कही गई है।
अमेरिकी सेना ने अभियान का वीडियो भी जारी किया है। फुटेज में सैन्यकर्मियों को पोत पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद एक हेलीकॉप्टर पोत के ऊपर से गुजरता दिखाई देता है और अंत में प्रक्षेपास्त्र की टक्कर के बाद पोत समुद्र में डूब जाता है।
सदर्न कमांड के अनुसार, अमेरिकी बल पश्चिमी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने वाले नेटवर्क के खिलाफ लगातार सटीक और पेशेवर अभियान चला रहे हैं। वहीं, इक्वाडोर के अधिकारियों ने मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।








