सिडनी: ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट की अगली पीढ़ी को तैयार करने के उद्देश्य से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने पूर्व खिलाड़ी और अनुभवी कोच लिसा कीट्ली को ‘नेशनल डेवलपमेंट लीड’ नियुक्त किया है। नई भूमिका में वह देशभर में महिला क्रिकेट के खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ के विकास पर काम करेंगी।
कीट्ली का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और कोचिंग का लंबा अनुभव है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए नौ टेस्ट, 82 वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला है। वह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड, दोनों महिला टीमों की मुख्य कोच भी रह चुकी हैं।
फिलहाल कीट्ली महिला बिग बैश लीग (WBBL) में सिडनी थंडर की मुख्य कोच हैं। उन्होंने जून में फ्रेंचाइजी के साथ अपने अनुबंध को दो साल के लिए बढ़ाया था। इसके अलावा वह महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस और ‘द हंड्रेड’ में MI लंदन की कोचिंग जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नई जिम्मेदारी के साथ कीट्ली सिडनी थंडर के कोच पद पर बनी रहेंगी। हालांकि, माना जा रहा है कि वह WPL में मुंबई इंडियंस के साथ अपनी भूमिका छोड़ सकती हैं। ‘द हंड्रेड’ में उनकी भविष्य की भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पिछले साल मुंबई इंडियंस से जुड़ी थीं कीट्ली
शार्लेट एडवर्ड्स के इंग्लैंड महिला टीम की मुख्य कोच बनने के बाद कीट्ली पिछले साल मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ से जुड़ी थीं। पिछले WPL सत्र में मुंबई इंडियंस ने आठ मैचों में तीन जीत दर्ज की थीं और चौथे स्थान पर रही थी। टीम पहली बार प्रतियोगिता के प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी।
‘प्रतिभा को निखारने के लिए सही मार्गदर्शन जरूरी’
नई जिम्मेदारी मिलने पर लिसा कीट्ली ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के भविष्य में योगदान देने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि खेल के अलग-अलग स्तरों पर खिलाड़ियों और कोचों के साथ काम करने के अनुभव से उन्हें यह समझने का मौका मिला है कि प्रतिभा को विकसित करने के लिए मजबूत रास्ते और उचित मार्गदर्शन कितना महत्वपूर्ण है।
कीट्ली ने कहा कि उनका फोकस देशभर के खिलाड़ियों, कोचों और स्टाफ को सहयोग देने, सकारात्मक माहौल तैयार करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी अवसर एवं समर्थन उपलब्ध कराने पर रहेगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में नेशनल डेवलपमेंट की प्रमुख सोन्या थॉम्पसन ने भी कीट्ली की नियुक्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कीट्ली अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और डेवलपमेंट क्रिकेट में काम करने का व्यापक अनुभव लेकर इस भूमिका में आ रही हैं। थॉम्पसन के मुताबिक, खिलाड़ियों और लोगों को उनकी क्षमता तक पहुंचाने के लिए कीट्ली का जुनून उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाता है।







