अमेरिका में खसरे का प्रकोप तेज, 4,410 से अधिक मामले दर्ज
Measles outbreak intensifies in the US; over 4,410 cases recorded

वाशिंगटन: अमेरिका में खसरे (मीजल्स) का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देशभर में खसरे के 4,410 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। संक्रमण वाशिंगटन डीसी सहित 45 राज्यों तक पहुंच चुका है। इनमें 18 मामले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से जुड़े बताए गए हैं। पेंसिल्वेनिया इस प्रकोप से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल है, जहां 1,200 से अधिक मामले सामने आए हैं और छह लोगों की मौत की सूचना है।

पेंसिल्वेनिया में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने संघीय सरकार से सहायता मांगी है। इसके बाद अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने अपने ‘एपिडेमिक एड’ कार्यक्रम के तहत राज्य में महामारी विशेषज्ञों की एक टीम भेजने की तैयारी की है। यह टीम संक्रमण की जांच, निगरानी और उसे नियंत्रित करने के प्रयासों में स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद करेगी।

GNSU Admission Open 2026

टीकाकरण में कमी प्रमुख चिंता

स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों के अनुसार, खसरे के मामलों में टीकाकरण की कमी एक प्रमुख चिंता बनी हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि लगभग 96 प्रतिशत मरीज ऐसे हैं, जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है या जिनकी टीकाकरण स्थिति स्पष्ट नहीं है। करीब दो प्रतिशत मरीजों को एमएमआर टीके की केवल एक खुराक मिली थी, जबकि दोनों खुराक लेने वाले लगभग दो प्रतिशत लोगों में संक्रमण दर्ज किया गया है।

एमएमआर टीका खसरा, गलसुआ और रूबेला से बचाव करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इसकी एक खुराक खसरे के खिलाफ लगभग 93 प्रतिशत और दो खुराकें करीब 97 प्रतिशत प्रभावी होती हैं।

बच्चों के टीकाकरण पर चिंता

अमेरिका में कोविड-19 महामारी के बाद बच्चों के टीकाकरण कवरेज में गिरावट भी चिंता का विषय बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में किंडरगार्टन के 92.4 प्रतिशत बच्चों को एमएमआर टीका लगाया गया, जबकि 2019-20 में यह दर 95.2 प्रतिशत थी।

अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने खसरे से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर ने कहा है कि संघीय सरकार पेंसिल्वेनिया को संक्रमण नियंत्रित करने में सहायता देगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, खसरा अत्यधिक संक्रामक बीमारी है। इसके प्रसार को रोकने के लिए समय पर टीकाकरण, संक्रमित लोगों की पहचान और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करना महत्वपूर्ण है।